शुक्रवार, 27 अप्रैल 2018

देशी फैशन के दीवाने युवा- अनुजा भट्ट


फैशन चाहे अपने कितने भी रंग बदले पर कुछ परिधान हमेशा फैशन में बने रहते हैं। रंग और डिजाइन में प्रयोग यहां भी होते हैं। मुझे लगता है समय के हिसाब से यह जरूरी भी है। बदलाव के साथ भारतीय परिधानों ने इस बार भी अपना रंग रूप बदला है। भारतीय गानों तक में इसकी छाप दिखाई दे रही है। लुंगी डांस ने जहां लुंगी को फैशन टेबल पर जगह बनाने में मदद की है वहीं और भी कई तरह डिजाइन पर युवा पर अपनी पैनी नजर रख रहे है। यह युवा फैशन डिजाइनर भी हैं और फैशन के चहेते भी। भारतीय जलवायु को ध्यान में ऱखते हुए वह इस तरह के परिधान चुन रहे हैं जो दशकों से चलन में हैं। साड़ी के अलावा भारत में सबसे ज्यादा पहने जाने वाला परिधान है सलवार कुर्ता। कुर्ते के नए स्टाइल के बारे में मैंने कई बार चर्चा की है। इस बार मैं चर्चा कर रही हूं सलवार को लेकर। जिस तरह कुर्ते के डिजाइन मे कई तरह के विकल्प मौजूद है उसी तरह कमर से नीचे पहन जाने परिधानों में भी विवधता आई है। लुंगी धोती जैसे परिधान अब नए डिजाइन में है। आज के युवा तो इस पर फिदा हैं।
आप जब भी गांव के आसपास से गुजरते हैं तो पुरुषों के ठेठ देशी पहनावे धोती कुर्ते को जरूर देखते होंगे। आजकल यह पहनावा महिलाआं और पुरुषों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है पर इसका अंदाज एकदम अलग और नया है। ब्रांडेड कंपनियां भी यह पेश कर रही हैं।
हैरम पैंट्स- धोती का यह नया अवतार हैरम पेंट के रूप में जाना जाता है। हैरम पेंट कई स्टाइल में है। यह कालेज जाने से लेकर किसी पार्टी तक में पहने जाने के लिए उपयुक्त है। एक तरफ यह आरामदायक है साथ ही फैशनेबल भी। दूसरी बात इसे आप भारतीय और पाश्चात्य किसी भी अंदाज में पहन सकती हैं। प्रिंटेड या प्लेन जैकेट या क्रॉप टॉप के साथ ये आपको बेहद स्टाइलिश लुक देता है, आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार इसे और भी कई तरह से पहन सकती हैं।
इसके कई हैं नाम
हैरम पैंट्स को काउल पैंट्स भी कहते हैं और कई बार धोती पैंट्स भी। हैरम पेंट्स सीधे शब्दों में कहें तो भारतीय इंडियन सलवार का बदला हुआ रूप है जे कई तरह के कपड़ों पर तैयार किया जा सकता है। आपके शरीर के हिसाब से जो आप पर जचें वह खरीदा जा सकता है।
हिप्पी फैशन - स्ट्रेप वाले क्रॉप टॉप और फ्रिंज़ बैग के साथ यह स्टाइल आपको फैशनेबुल दिखाता है। आप चाहें तो हेडबैंड लगाकर इसे और आकर्षक बना सकती हैं। जीबांग, जोवी, ड्रेस बेरी, बीबा, मायसा क्रिएशन, बोहेमियम ब्लू जैसे ब्रांड में इस तरह के कई विकल्प मिल जाएंगे। कीमत 1000 रूपये के आसपास से शुरू है।
पार्टी लुक - हैरम पैंट्स को क्रॉप टीशर्ट या स्ट्रैप वाले खुले हुए मिडरीफ क्रॉप टॉप के साथ मैच करें. इसके साथ हील्स पहनें। आप कालेज जा रही हों या पार्टी में हर जगह के लिए आप तैयार हैं।
फॉर्मल लुक – आप ये हैरम या काउल पैंट्स किसी फॉर्मल काले रंग वाली शर्ट या कुर्ते के साथ भी पहन सकती हैं. ऊपर सफेद शर्ट के साथ नीचे पेंट में कोई भी रंग चलेगा। फैशन पर हमेशा नजर टिकाने वालों को अपने संग्रह में एक सफेद शर्ट जरूर रखनी चाहिए। यह आपको उच्चकोटि के फैशन परस्तों में शामिल करता है। अगर आप साधारण शैली अपनाना चाहते हैं तो प्रिंटेड टॉप के साथ नेकलेस जरूर पहनें।
बदले हैं देशी सलवार के भी तेवर
प्लेटेड सलवार
प्रयेग की गुंजाइश यहां भी है । प्लेन कट वाली सलवार में प्लेट डलवाकर इसे एक नए अंदाज में बनाया जा सकता है। प्लेट को आप साइड में या सामने की तरफ बनवाएं। जिससे यह थोड़ी खुली नज़र आएगी। इस तरह की सलवार आप किसी भी रंग और कपड़े पर बनवा सकती हैं या रेडीमेड भी खरीद सकती हैं। हील की जगह चप्पलें व मोजड़ी पहनें। ऐसा करने से आपका पहनावा और भी ज्यादा सुंदर लगेगा।।
सेमी पटियाला
सेमी पटियाला सलवार में फुल पटियाला सलवार की तुलना में कम घेर और पटलिया भी कम होती हैं। यदि आपकी लंबाई औसत है, तो आपके लिए सेमी पटियाला ज्यादा मुफीद रहेगी। आकर्षक दिखने के लिए सलवार के साथ बिना बाजूवाली कुर्ती पहनें।
धोती सलवार
आजकल धोती सलवार काफी पसंद की जा रही हैं। यदि आप चाहे तो धोती सलवार डिजाइन को प्लेन या प्रिंटेड दोनों विकल्पों में से कुछ भी चुन सकती हैं। अगर प्लेन बनवाई है, तो उसके साथ प्रिंटेड या एंब्रॉयडरी कुर्ती डिजाइन करवाएं। इससे आपकी धोती सलवार का लुक उभर कर आएगा। वहीं, प्रिंटेड धोती सलवार के साथ प्लेन कुर्ती बनवाएं।
अफगानी सलवार
यह सलवार ऊपर व नीचे से चुस्त और बीच में से ढीली होती है।यह आपको हैरम पैंट्स जैसा लुक भी देती है इसमें पोंचों की जगह पर पतले इलास्टिक का प्रयोग किया जाता है। बाकी के स्टाइल में यह एक तरह से हैरम सलवार ही होती है।सलवार के साथ आप पैरों में मोटी पाजेब और फंकी ज्वेलरी भी पहन सकती हैं।
शरारा सलवार
शरारा सलवार की खासियत है हलके कपड़े और ढीलाढाला स्टाइल। हलके कपड़े से बनी शरारा सलवार कमर से एड़ी तक खूब घेरेदार होती है और लंबाई के अंत तक घेर बना रहता है। फुल लेंथ वाले शरारा सलवार आप कैजुअल व फॉमर्ल वियर में पहन सकती हैं।अगर वेस्टर्न या इंडोवेस्टर्न लुक चाहती हैं, तो इस सलवार के साथ टी-शर्ट पहन सकती हैं। वहीं टी-शर्ट पर श्रग जैकेट खूब अच्छी लगेगी।
पटियाला सलवार
इस गर्मी के मौसम में पटियाला सलवार सबसे ज्यादा पहनी जाती है। इसके साथ कई प्रयोग भी किए जा सकते हैं, जैसे- वेस्टर्न स्टाइल के साथ इसे पहना जा सकता है, सलवार के साथ कम लंबाई वाली कुर्ती पहनें। हाई नेक या कॉलर नेक की कुर्ती भी जचेगी। बहुरंगी पटियाला सलवार के साथ एक रंग की कुर्ती या टॉप के साथ सूती दुप्पटा पहनें।
कहने का अर्थ यह है कि फैशन में भी वही चीजें ज्यादा समय तक टिकी रहती हैं जो आराम दायक होती है और जिसे पहनना भी आसान होता है। इसलिए सलवार कुर्ता हमेशा से फैशन में है। हां यह जरूर है कि इसने अपने साथ और भी कई विकल्पों के लिए गुंजाइश बना दी है। अब आप इसे परंपरागत भारतीय पहनाव नहीं कह सकते।

Special Post

विदा - कविता- डा. अनुजा भट्ट

विदा मैं , मैं नहीं एक शब्द है हुंकार है प्रतिकार है मैं का मैं में विलय है इस समय खेल पर कोई बात नहीं फिर भी... सच में मुझे क्रि...