verification

शुक्रवार, 6 अप्रैल 2012

गर्भवती महिला से बोलें संभलकर /वागीशा कटेंट कंपनी


www.aparajita.org
हम बहुत बार हंसी -मजाक में कुछ ही बोल देते हैं और हमारे दोस्त इसका बुरा भी नहीं मानते। लेकिन यदि आपकी दोस्त गर्भवती है तो उससे बात करते समय सावधान रहें। ऐसा न हो कि आपके द्रारा की गई मजाक उसके लिए असहनीय हो जाए। यहां हम ऐसी बातें बता रहे हैं जो अक्सर हम कहते हैं -
बयान  :  ऐसा लग रहा कि बस फटने ही वाली हो
मतलब : तुम बेहद मोटी लग रही हो
किसी भी गर्भवती महिला से ऐसा न कहें चाहे वह आपकी कितनी भी अंतरंग क्यों न हो। क्या आप किसी ऐसी मोटी महिला से यह कहने का साहस कर पाते हैं जो गर्भवती न हो।
 बयान : जुड़वां बच्चे ? आपके तो दोनों हाथ में लड्डू होंगे।
मतलब : आपके बच्चे आपका जीना हराम कर देंगे। जुड़वां बच्चे जब एक साथ चीखेंगे-चिल्लाएंगे या बीमार पड़ेंगे तब पता चलेगा।
लोग हमेशा जुड़वां बच्चों के पालन-पोषण से जुड़े नकारात्मक पक्षों की ओर इशारा करते हैं। पता नहीं क्यों? लकिन जुड़वां बच्चों के पालन पोषण से जुड़ी दोहरी खुशियों की कोई कीमत नहीं होती। इन दोहरी खुशियों की तुलना में पालन-पोषण की जुड़ी दिक्कतें कुछ भी नहीं हैं।
 बयान : जितना चाहे सो लो अब आगे मौका नहीं मिलेगा।
मतलब : झेलने के लिए तैयार हो जाओ।
मम्मियों को पता होता है आने वाले दिन कैसे होंगे। उन्हें यह याद दिलाकर बार-बार डराने की जरूरत नहीं है। अपनी संतान के लिए जागने में माताओं को दिक्कत हो सकती है लेकिन शायद ही उन्हें अपनी नींद गवंाने पर अफसोस होता हो। अगर आपके बच्चे नहीं है और या बड़े हो चुके हैं तो आपको किसी गर्भवती महिला को यह कहने को कोई हक नहीं होना चाहिए।

4.  बयान : जितने मजे करने हैं कर लो। बाद में मौका नहीं मिलने वाला।
मतलब : आपकी जिंदगी के अच्छे दिन खत्म हो गए। अब दिक्कतें उठाने को तैयार रहो।
बच्चे होने का मतलब यह नहीं है कि आपके एंजॉयमेंट के दिन खत्म हो गए। मैंने कई ऐसे पेरेंट्स देखें हैं जो बच्चे पालने के साथ-साथ फिल्म देखने, किताबें पढऩे, टीवी देखने या बाहर रेस्तरां में डिनर का आनंद लेने का समय निकाल लेते हैं। बस आपको बेहतर टाइम मैनेजमेंट का प्रैक्टिशनर होना पड़ता है और थोड़ा धैर्य से काम लेना होता  है। हां, जीवन में परिवर्तन होता है। आप पहले की तरह तुरत-फुरत तैयार होकर नहीं निकल सकते। आपका एक्सरसाइज शेड्यूल परिवर्तन मांग सकता है या फिर पहले की तरह रात को पति के साथ टहलने के लिए निकलने के लिए आपको प्लानिंग करना पड़े। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पहले की लाइफस्टाइल की खुशियां खत्म हो जाएंगी।
बयान : अब तो आपको बच्चे को अपना दूध पिलाना पड़ेगा।
मतलब : अगर आप बच्चे को स्तनपान नहीं कराते तो आप दुनिया की सबसे खराब मां हैं।
यह एक बेहद निजी सवाल है और आपको इस निजता का सम्मान करना चाहिए। ऐसे में आपके आसपास की हर महिला आपको सलाह देती नजर आएगी। लेकिन आपको इन पर ज्यादा ध्यान देने की जरू रत नहीं है। अपने बच्चे की जरूरत एक मां से अच्छी तरह से कोई नहीं समझ सकता। इसलिए इस बारे में सलाह पर गंभीरता से सोचने की कोई जरूरत नहीं् है।
5. बयान : पहले जैसी सूरत नहीं रहेगी।
मतलब : चेहरों पर झांइयों और दूसरी और शारीरिक परिवर्तन झेलने होंगे।

बच्चे के जन्म के बाद कुछ बदलाव स्वाभाविक हैं। जैसे झांइयां पडऩे, थोड़ी चर्बी जमना या पेट का बढऩा। लेकिन क्या मां बनने के आनंद की तुलना में इनकी क्या अहमियत है। इसलिए किसी महिला से यह कहना कि अब आपका शरीर पहले जैसा नहीं रह गया एक भारी भूल है। ऐसी महिलाओं से यह कहिये कि आप पहले जैसी ही खूबसूरत हैं।
6. बयान  : पक्का। तुम इतना खा लोगी?
मतलब : एक गर्भवती महिला हमेशा भूखी होती है। इसलिए किसी से यह कहना ठीक नहीं है कि इतना तो ख्रा ही लोगी। गर्भवती महिलाओं को 300 कैलोरी अतिरिक्त लेना पड़ता है। इसलिए गर्भवती महिलाएं ज्यादा खाएं तो आश्चर्य न जताएं।
7. दो जुड़वां लडक़े? एक लडक़ा और एक लडक़ी होती तो अच्छा होता?
मतलब : आप जुड़वां लडक़ा या लडक़ी पैदा करने में नाकाम रहे। अगर लडक़ा है तो यह कहने की कोशिश की जाती है तो एक लडक़ी पैदा करन की कोशिश करो ताकि फैमिली पूरी हो जाए। यानी मां-बाप एक लडक़ा और एक लडक़ी। लेकिन यह आपके हाथ में नहीं होता और लोग इस पर जबरदस्ती इस पर जोर डालते हैं।
8. बयान : क्या आपके यहां जुड़वां की परंपरा रही है।
मतलब : क्या आप फर्टिलिटी सेंटर के जरिये जुड़वां बच्चे पैदा कर  रहे हैं।
इस तरह के बयानों से लोग थाह पाने की जुगाड़ में लगे रहते हैं। उनका इशारा यह होता है कि शायद आप कृत्रिम गर्भाधान से जुड़वां बच्चे पाना चाहते हैं।
  
9. बयान : ओह दो बच्चे। मेरी तो छह महीने का बच्ची है। मैं तो हिल जाता हूं।
मतलब : आपको अपनी दिक्कतों से रूबरू कराना।
इस तरह का बयान आपका आत्मविश्वास की थाह लेने की एक कोशिश भर है। या फिर लोग यह भी देखना चाहते हैं कि मैंने तो कष्ट झेला अब आप भी झेलो। लेकिन वह नहीं जानते कि संतान पाने का सुख कुछ और ही होता।

शनिवार, 10 मार्च 2012

आप भी बनें अपराजिता

'अपराजिता' नाम ही क्यों 
अपराजिता संस्कृत का एक स्त्रीलिंग शब्द है, जो 'पराजिता' शब्द में 'अ' उपसर्ग लगाकर बना है। 'पराजिता' का अर्थ होता है 'हारी हुई', इसलिए अपराजिता का अर्थ है—"जिसे हराया न जा सके"।
सामान्य रूप से यह एक संज्ञा है। जीवन की सभी बाधाओं को पार करके जो अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेती है, वही अपराजिता कहलाती है। यह पत्रिका आपको आपके लक्ष्यों तक पहुँचाने और आपको 'अपराजिता' बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

पत्रिका की रूपरेखा
इस पत्रिका का हर दिन एक विशेष अंक होगा, जिसमें आपकी जीवनशैली के हर आयाम को समेटा जाएगा। इसमें स्वास्थ्य, सौंदर्य, साहित्य, मनोरंजन, करियर, पेरेंटिंग और स्वाद जैसे विविध विषयों पर विशेषज्ञ लेख शामिल होंगे।
जानिए किस दिन क्या होगा खास:
सोमवार (स्वास्थ्य और रिश्ते): फिटनेस, योग, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मसलों पर चर्चा होगी। साथ ही, हमारे विशेषज्ञ आपके आपसी रिश्तों को सुधारने में मदद करेंगे।
मंगलवार (सजावट और शिल्प): घर की साज-सज्जा, क्राफ्ट (शिल्पकला) की जानकारी, और सिलाई-कढ़ाई व बुनाई के नए पैटर्न देखने को मिलेंगे।
बुधवार (समाज और कारोबार): सामाजिक सरोकारों से लेकर बिजनेस की बातें होंगी। इसके अलावा नए गैजेट्स, ऑटोमोबाइल और लेटेस्ट ट्रेंड्स पर भी चर्चा की जाएगी।
गुरुवार (बाल जगत): यह दिन पूरी तरह बच्चों पर केंद्रित होगा। इसमें बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, चित्र, कविताएँ, कहानियाँ और उनकी प्यारी गपशप शामिल होंगी।
शुक्रवार (व्यक्तित्व और विकास): इस दिन व्यक्तित्व विकास (Personality Development), बाल विकास, संस्कृति, शिक्षा और विशेषज्ञों की सलाह जैसे विषयों पर प्रकाश डाला जाएगा।
शनिवार (लाइफस्टाइल और मनोरंजन): सजने-संवरने, फैशन के नए ट्रेंड्स, घूमने-फिरने, फिल्मों, सीरियल्स और देश-दुनिया के लजीज खान-पान का लुत्फ आप उठा सकेंगे। 'यात्रा-डायरी' के जरिए आप अपनी मनपसंद जगहों के बारे में भी जान पाएंगे।
रविवार (साहित्य और विमर्श): यह दिन किताबों के नाम रहेगा। यहाँ नए रचनाकारों से लेकर लोकप्रिय लेखकों की कृतियाँ, साक्षात्कार (Interviews), उपन्यासों के अंश और सप्ताह की विशेष रिपोर्ट पढ़ी जा सकेगी।
इस सफर में हमें बस आपके साथ की जरूरत है!

मंगलवार, 6 मार्च 2012

सजावट की एंटीक थीम




 डॉ. अनुजा भट्ट

होली का त्योहार रंगों और मस्ती के साथ अब सब तरफ  छाने लगा है। ऐसे में घर में मेहमानों की रौनक न हो ऐसा कैसे हो सकता है। गले मिलकर दावत के लिए निमंत्रण देना इस मौके पर ही होता है। ऐसे में आपका घर एंटीक से सजा हो तो फिर बात ही निराली है। जी हां यही मौका है कुछ अलग कर दिखाने का। इसीलिए पेश हैं आपके लिए कुछ आइडिया। 
एडवांस लाइफस्टाइल में स्लीक और कॉम्पेक्ट फर्नीचर की बजाय एंटीक लुक का फर्नीचर बाजार में अपनी जगह बना चुका है। आप भी कुछ डिजाइनर और नक्काशीदार वस्तुओं से ड्रॉइंगरूम सजा-संवार सकते हैं। एंटीक थीम पर सजावट के लिए सबसे अच्छा यह रहेगा कि कोई कलर थीम चुन लें और फिर उसी के अनुसार डेकोरेशन करें।
मसलन, अगर आप वुडन थीम के आधार पर अपना ड्राइंग रूम सजाना चाहते हैं, तो ड्राइंगरूम के पर्दे, सोफे के कवर, कुशन कवर, आर्टिफिकेट्स, वॉल कलर, हैंगिंग लैंप, फोटो फ्रेम आदि इस तरह लगाएंए जो अगर वुडन कलर के न भी हों, तो इससे मैचिंग जरूर रखते हों।
घर में मेहमान आएं, तो ऐसे में मेहमानों के सामने ट्रेंडी और राजसी लुक दिखाने के लिए नक्काशीदार चीजें काफी चलती हैं। नक्काशीदार सेंटर टेबल, कुर्सियां, सोफे और मिरर बाजार में काफी आसानी से मिल जाएंगे। इनके डिजाइन भी काफी मिल जाएंगे। आप अपने ड्राइंगरूम के साइज और कलर कॉम्बिनेशन के मुताबिक फर्नीचर का चयन कर सकते हैं।
उसे आप अपने घर में उकेर सकते हैं। मसलन, राजस्थान का कलरफुल अंदाज हो, गुजरात की नक्काशी या फिर उड़ीसा का चिकन डिजाइन, सब कुछ आप पसंद के मुताबिक कर सकते हैं। अगर आप राज्य के आधार पर डेकोरेटिव थीम चाहते हैं, यही नहीं, आपने आजकल देखा होगा कि ड्राइंगरूम की मेज टॉप मिरर की बनी होती है। ऐसे में आप मिरर से झांकता हुआ अपना कोई भी ट्रेडिशनल आर्टिफिकेट मेज पर रख सकते हैं। इसके बाद आपको मेज पर किसी भी प्रकार के टेबल क्लॉथ बिछाने की जरूरत नहीं रहेगी, क्योंकि हर आने वाला व्यक्ति इस एंटीक अंदाज पर फिदा हो जाएगा।
इसके अलावा, ड्राइंगरूम के कोनों में भी एंटीक आइटम्स को सजा सकते हैं। इसके लिए बाजार में नक्काशीदार कॉर्नर से लेकर, हाथी, घोड़े, वॉर वैरियर और टेलिफोन स्टैंड तक बाजार में आसानी से मिल जाते हैं। घर में एंटीक टेलिफोन से भी राजसी लुक दे सकते हैं। ये आज भी मार्केट में उपलब्ध हैं।
इंटीरियर डिजाइनर कहते हैं, अब तो पुराने नक्काशीदार बर्तन भी आसानी से मिल जाते हैं। आप इन बर्तनों से मेहमानों को खाने-पीने का सामान सर्व कर सकते हैं। वैसे, लुक के हिसाब से आप इसे लॉबी में सजावटी सामान के तौर पर भी रख सकते हैं।
इसके अलावा घर की पुरानी बेकार डिजाइनदार चादरों की कटिंग करके आप उन्हें फ्रेम करा सकते हैं। इससे आपकी दीवारों को एंटीक टच मिलेगा। इसी तरह अपने पूर्वजों की फोटो को फ्रेम करवाकर लगवा सकते हैं। ड्राइंगरूम के डेकोरेटिव लुक में पुरानी तस्वीरों से डिफरेंट गेटअप भी मिल सकेगा।

मंगलवार, 28 फ़रवरी 2012

होम ऑफिस इंटीरियर



डॉ. अनुजा भट्ट
  जब घर पर ऑफिस बनाने की बात आती है तो सबसे पहले हम घर में एक ऐसी जगह की तलाश करते हैं जहां एकांत हो और आराम से बैठकर काम किया जा सके। पर इतना ही काफी नहीं है। हमको होम आफिस के इंटीरियर पर भी ध्यान देना होगा ताकि वह देखने में भी सुंदर लगे। और हमको ऑफिस का जैसा अहसास  हो।
इस कमरे में  पर्दे की जगह पर हम वुडन ब्लाइंड्स लगा  सकते है। अगर रोशनी कम लगे तो इसको खींचकर ऊपर किया जा सकता है। आमतौर पर यह आफिस में  प्रयोग में लाई जाती है। इसके अलावा कुछ  इनडोर प्लांट्स भी लगाएं।  ताकि हरियाली  भी दिखाई दे।
 दीवारों पर  पेटिंग लगाएं। जिस कमरे में आफिस हो  वहां  बैठने की भी व्यवस्था हो और साथ ही एक काफी टेबल हो जिस पर फूलदान रखा हो । इसमें नियमित ताजे फूल लगाए जाएं।  ताजे फूल रचनात्मकता का प्रतीक होते है। हर दिन नया रचने का संदेश  भी देते है सबसे बड़ी बात मन को सुकून देते है। यह ऑफिस ऐसा हो जिसमें आप अपने क्लाइंट से मुलाकात भी कर सकें। खूबसूरत फर्नीचर, मजबूत और आरामदेह कुर्सियां, कंप्यूटर टेबल, प्रिंटर, फैक्स, फोन रखने की जगह सुविधाजनक हो। ताकि काम करने के दौरान तकलीफ न हो। याद रखिए यहां सारी व्यवस्था आपको करनी है  क्योंकि आफिस भी तो आपका है।
 आजकल बाजार में मीडिया हाउस भी ऐसी क्राकरी, स्टेशनरी  बनवा रहे है जिसमें  आफिस का टच रहता है। विश्व पुस्तक मेले में एनबीटी ने  ऐसे मग  प्रदर्शनी के लिए रखे है जिसमें आई लव बुक्स जैसे स्लोगन लिखे हैं। इसी तरह पढ़ाई-लिखाई और किताब पढऩे के लिए प्रेरित करने वाली  टी-शर्ट भी पेश की गई हैं। हमारे रोजमर्रा की जरूरतों के साथ यदि पढ़ाई लिखाई की जरूरत को भी अहं मान लिया जाए और उसका प्रचार किया जाए तो इसका असर पड़ेगा। जो चीज निगाह में सबसे पहले आती है बार- बार आती है हम उसके प्रति प्रेरित होते हैं  विज्ञापन का यही असर है। और यदि ऐसे मग,  पेंसिल, रबड़, कॉपी  आपके ऑफिस में हों तो फिर रचनात्मक असर तो होगा ही। आपकी टेबल के सामने भी रचनात्मक स्लोगन होने चाहिए । यह स्लोगन आपको इंटरनेट से मिल सकते है या खुद आप अपने लिए स्लोगन लिख भी सकते हैं। ये स्लोगन आपके टारगेट को पूरा करने  में आपकी मदद करेंगे।  कारपेट, रग,  घड़ी  इनको खरीदते समय भी रचनात्मकता  का ध्यान दें।  घड़ी आपकी टेबल के सामने होनी चाहिए।  मोबाइल स्टेंड चार्जर भी जरूरी है ताकि घंटी बजने पर इसे खोजने में  समय न लगे।

मंगलवार, 21 फ़रवरी 2012

लकी बैम्बू से घर में आएगी बहार

  लकी बैम्बू का पौधा फेंगशुई में एक खास पौधे के रूप में जाना जाता है। माना जाता है कि यह घर में सुख समृद्धि लाता है इसीलिए इसका नाम लकी प्लांट भी है। कहते हैं, इसे घर में रखने से घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इसके अलावा आपके घर को सजाने और ताज़गी भरा अहसास बरकरार रखने में भी ये अहम हो सकता है। ज़्यादा दिनों तक इस पौधे को हरा-भरा बनाए रखने के लिए इसकी सही देखभाल ज़रूरी होगी, जैसे-
बाजार में मिलने वाले बैम्बू के पौधे एक विशेष तरह की जैली में रखे होते हैं, जो इनकी तली को अधिक देर तक नम बनाए रखने में मददगार होती है। लेकिन बहुत ज्यादा दिनों तक यदि पौधे को एक ही जैली में रखा जाए, तो यह सड़ जाते हैं। इसलिए घर लाने के बाद पौधे को जैली से अलग करें, फिर जड़ों को अच्छी तरह धोने के बाद बैम्बू को पानी से भरे बोल में डाल दें।


प्रकाश और पानी की उचित मात्रा पौधे को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है। कम से कम आठ घंटे मद्धम रोशनी  इसके लिए ज़रूरी है। इसके अलावा यदि बैम्बू छोटा है, तो एक इंच तक पानी काफी होगा। वहीं पौधे के बड़ा होने पर 3-4 इंच तक पानी डालें।
पौधे को हरा-भरा रखने के लिए साधारण के बजाय फिल्टर पानी का इस्तेमाल करें। साधारण पानी में मौजूद सॉल्ट (लवण) इसकी जड़ों में जम जाता है और धीरे-धीरे पौधे को नुकसान पहुंचाने लगता है।
हफ्ते में कम से कम दो बार ध्यान से बैम्बू के पौधे का पानी बदलते रहें। कभी भी बैम्बू ट्री को ऊपर या नीचे से न काटें। इससे भी बैम्बू पीला पड़ जाता है।
तो देर मत कीजिए, बैम्बू स्टिक से अपना घर सजाइएँ और फेंगशुई से होने वाले फायदों का लाभ उठाइएँ। आजकल अधिकांश लोग अपने कमरों में फूल के पौधे या किसी और सजावटी पेड़ों को लगाने के बजाए बैम्बू स्टिक को लगाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। यह तीन तरह के साइज में मिल रहा है। छोटे वाले बैम्बू स्टिक पॉट की कीमत 50 रुपए, मीडियम साइज वाला 70से 150 रुपए और बड़े 500 से 700 रुपए में मिलता है।

वागीशा कंटेंट प्रोवाइडर कंपनी, नोएडा, उत्तरप्रदेश।

रविवार, 19 फ़रवरी 2012

आभार


प्रिय मित्रों,
 आप सभी का आभार। आज वागीशा ने अपने पाठकों की संख्या 10,000  पार कर ली। यह सब आप सभी के सहयोग के बिना संभव नहीं था।   मात्र 3 माह में  यह आंकड़ा दर्शाता है कि आप वागीशा के प्रति कितने संजीदा है। वागीशा के हर कदम में आपने सहयोग किया। फिर चाहे वह समाज सरोकार का बात हो, लालनपालन की बात हो, साजसज्जा की बात हो, बाल साहित्य हो या खानपान की दुनिया हो या फिर  कुछ और।  हम बहुत जल्दी ही इसका विस्तार एक वेब मेग्जीन के रूप में करने जा रहे हैं जिसका नाम है अपराजिता।
 एक बार फिर से आप सभी का आभार
 आपकी अनुजा

मंगलवार, 14 फ़रवरी 2012

खास है दिन आज का पर भूलें नहीं ये चंद बात



 आज का दिन खास है । इस दिन अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने के लिए लोग एकदूसरे को उपहार देते है। आप सबने यह तैयारियां जोर शोर से की होगीं। बाजार में वैसे भी इस समय कई तरह के गिफ्ट आइटम है। ऐसे में यह सोचना जरूरी है कि जिसे हम उपहार दे रहे हैं उसकी क्या रुचियां हैं। इसीलिए किसी को उपहार देते समय उसकी आयु, रुचि और पसंद-नापसंद आदि का विशेष रूप से खयाल रखना चाहिए।
 जिनके साथ अनौपचारिक संबंध हों उन्हें उपहार देते समय उनकी जरूरत का भी ध्यान रखें, लेकिन जिनके साथ औपचारिक संबंध हों उनके लिए उपहारों का चुनाव करते समय विशेष रूप से सजगता बरतें। ऐसे लोगों को ड्रेस या रोजमर्रा की जरूरत की दूसरी चीजें देने के बजाय बुके, पेन, शो पीसेज आदि देना ज्यादा अच्छा रहता है।
 जरूरी नहीं कि आप हमेशा महंगे उपहार ही दें। आप अपनी सुरुचि और कलात्मक सूझबूझ का परिचय देते हुए कम कीमत में भी उपहार देने के लिए सुंदर वस्तुएं खरीद सकती हैं। इस लिहाज से हस्तशिल्प से बनी वस्तुएं बहुत अच्छी साबित होती हैं।
 उपहार चाहे मामूली ही क्यों न हो, पर उसे हमेशा आकर्षक ढंग से पैक करना चाहिए। इससे लेने और देने वाले दोनों व्यक्तियों को खुशी मिलती है।
 यह जरूरी नहीं है कि उपहार के रूप में हमेशा बाजार से कोई सामान ही खरीदकर दिया जाए। अगर आपकी कोई सहेली पढने की शौकीन है तो उसकी रुचि से संबंधित पत्रिका का सब्सक्रिप्शन उसे उपहार स्वरूप दें। अगर आपकी भाभी अपने सौंदर्य के प्रति सचेत हैं तो उन्हें किसी अच्छे ब्यूटी पॉर्लर का पैकेज गिफ्ट वाउचर दे सकती हैं। इसी तरह बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए किसी बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम का उपहार और धार्मिक प्रवृत्ति वाले बुजुर्गो के लिए किसी तीर्थस्थल की यात्रा के पैकेज टूर का टिकट बहुत अच्छा उपहार साबित होगा।
 अंत में, सबसे जरूरी बात यह है कि उपहार से प्राइस टैग हटाना न भूलें और उपहार देने के बाद लेने वाले व्यक्ति से बार-बार अपने उपहार का जिक्र न करें। इससे वह असहज महसूस कर कर सकता है।
उपहार लेते समय
 उपहार की कीमत से कहीं ज्यादा देने वाले व्यक्ति की भावनाओं की अहमियत होती है। भले ही उपहार आपको पसंद न आए, फिर भी देने वाले की भावनाओं का सम्मान करते हुए गिफ्ट लेते समय देने वाले को धन्यवाद देना न भूलें।  अगर कोई व्यक्ति कुरियर या पार्सल के माध्यम से आपके लिए उपहार भेजे तो फोन से उसे धन्यवाद सहित प्राप्ति की सूचना देना न भूलें।  अपने करीबी लोगों द्वारा दिए गए उपहार का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें यह जरूर बताएं कि आपने उनके उपहार का इस्तेमाल कर लिया है। इससे देने वाले को बहुत खुशी मिलेगी। अगर कोई आपको उपहार दे तो उसके सामने ही पैकिंग न खोलें। अगर कभी ऐसा करना ही हो तो पहले देने वाले की इजाजत जरूर लें। जब कोई उपहार दे तो उससे, इसकी क्या जरूरत थी, यह सामान तो पहले से मेरे पास था, यह तो बहुत महंगा होगा जैसे जुमले कहने के बजाय उसके सामने अपनी खुशी का इजहार करें। इससे उपहार देने वाले व्यक्ति को भी अच्छा लगेगा।
 वागीशा कंटेंट प्रोवाइडर कंपनी, नोएडा।

सोमवार, 6 फ़रवरी 2012

सजे घर, कहे मन की बात


खास मेहमान का खास स्वागत आज से लेकर 14 तारीख तक हर दिन खास है। आज गुलाब की पंखुरी में फैला प्यार का रंग है तो कल अपने मन के राज खोल देने का दिन। फिर चॉकलेट को शेयर करने का खास दिन  है तो फिर अपने टेडी के लिए एक अनोखा दिन । 11  को एक दूसर से वादा लेने और करने का दिन और फिर 12 को है गले मिलने का दिन इसके ठीक दूसरे दिन एक चुंबन का। देखिए दिन बीते और आ पहुंचा वैलेंटाइन डे।
 शाम के खाने पर खास मेहमान आ रहे हैं और आप चाहती हैं कि टेबल सज्जा कुछ अलग प्रकार की हो। विशेष रुप से  जो उनको पसंद आए और कुछ रोमांटिक हो तो अपनाइए कुछ खास टिप्स 
* अपनी लंबी आयताकार टेबल पर लंबा टेबल क्लॉथ बिछाएँ। इस पर तीन सिल्वर रनर लगाएँ। इस टेबल पर सिल्वर कटलरी अच्छी लगेगी जिस पर सुनहरे रंग की किनोर हो। नेपकिन पर सुनहरे रंग का नेपकिन रिंग लगाएँ।
* इस टेबल की मुख्य सजावट फूलों से की जाएगी जो टेबल पर इस कोने से उस कोने तक सजाएँगे। सफेद शेवंती, आर्किड, जरबेरा, फर्न तथा कुछ बेलों की टहनियों को इस तरह लगाएँ जिससे फुलवारी का सा अहसास हो।
* पूरे टेबल को खास रोमांटिक अंदाज देने के लिए इस पर बड़ी-बड़ी सुनहरी मोमबत्तियाँ लगाएँ और पूरे टेबल पर गेंद के आकार की सुनहरी छोटी-छोटी मोमबत्तियाँ लगाएँ।
चीन में चाय छोटे-छोटे काले रंग के प्यालों में परोसी जाती है। एक बड़ी डिश में स्नैक रखे जाते हैं इस डिश में छेद होते हैं इसे भाप वाले बर्तन के ऊपर रखा जाता है। साथ में लकड़ी तथा हाथी दाँत की चॉपस्टिक भी रखी जाती हैं।
* चाय की टेबल बहुत छोटी होती है लेकिन इस पर सब कुछ सुविधाजनक रूप से रखा जा सकता है। चायना सिल्क का टेबल क्लॉथ बिछाएँ। टेबल के आसपास बेंबू प्लांट रखेंगी तो चाय का मजा दुगुना हो जाएगा।
सबसे पहले तो टेबल को फूलों से सजीव बनाते हैं। मैरून तथा पीले रंगों के गुलाबों से पोर्सिलीन के प्याले सजाएँ। नेपकिन होल्डर सिल्वर प्लेटेड होने चाहिए। नेपकिन बीज रंग के ओरगेंजा होने चाहिए।
* यदि  डिनर की व्यवस्था कर रहीं हैं तो आप को रंगों का खूबसूरती से चयन करना चाहिए जो क्राकरी तथा मोमबत्तियों के माध्यम से प्रकट होगा। पूरा लुक रंगबिरंगा होना चाहिए तथा टेबल मैट हैंड पेंटेड होना चाहिए। इससे वातावरण में अपनेपन और सहजता का अहसास होगा।
* टेबल को दीयों और मोमबत्तियों से सजाएँ। काँच के प्यालों में तैरते फूलों की सुगंध के बीच भोजन करने का आनंद आपके अतिथियों को भावविभोर कर देगा
टेबल सेटिंग-आप डायनिंग टेबल को दो तरह से सेट कर सकती हैं। एक वेस्टर्न स्टाइल दूसरा इंडियन।
वेस्टर्न स्टाइल टेबल क्लॉथ-अगर टेबल का टॉप ग्लास या मार्बल का है, तो ढकने की जरूरत नहीं है। टेबल क्लॉथ का इस्तेमाल करना चाहती हैं तो व्हाइट या पेस्टल कलर्स का ही चयन करें। ऎसा बैकग्राउंड भोजन को एलिगेंट और सिम्पल लुक देता है।
टेबल मैट्स-टेबल क्लॉथ या मैट्स में से किसी एक का ही इस्तेमाल करना ठीक रहता है। हालांकि आजकल दोनों का ही प्रयोग किया जा रहा है ताकि टेबल क्लॉथ अनचाहे दागों से बचा रहे। टेबल के किनारे और कुर्सी के सामने मैट्स को रखें। मैट्स में समान दूरी रखें।
डिनर प्लेट्स-प्लेट को मैट के ठीक बीच में रखें जिस व्यक्ति को खाना खाना है उसके बिल्कुल सामने। टेबल के किनारे से 2.5 से.मी. की दूरी पर। बाकी के बर्तन प्लेट के अनुसार ही रखें।
कटलरी-कटलरी को कैसे सजाना है यह आपकी पसंद और आपका भोजन किस तरह का है उस पर निर्भर करता है। चाकू और चम्मच प्लेट के राइट साइड में रखे जाते हैं और फोक लेफ्ट में। नाइफ का तेज किनारा अंदर की ओर घुमा कर रखा जाता है। कटलरी प्लेट से 1.5 से.मी. की दूरी पर होना चाहिए और वह भी सीधी लाइन मे। डेजर्ट कैसा है उसी के मुताबिक डेजर्ट कटलरी का चयन करें। इस प्लेट के ऊपरी हिस्से में सामने की ओर रखें।
गिलास-रंगीन गिलासों का प्रयोग न करें। नाइफ से ऊपर की ओर इसका मतलब पानी का गिलास लेफ्ट साइड में।
नेपकिन्स-नेपकिन्स को प्लेट की लेफ्ट साइड में रखें चाहें तो प्लेट के ऊपर या फिर गिलास के अंदर भी रख सकती हैं।
इंडियन स्टाइल-
प्लेट-हालांकि भारतीय भोजन में चपाती रसेदार सब्जी के साथ खाई जाती है इसलिए एक साइड प्लेट का होना जरूरी है। इसे डिनर प्लेट के लेफ्ट साइड में रखें। ध्यान रखें मैट पर डिनर प्लेट बीच में रहनी चाहिए। एक सीध में प्लेट्स होनी चाहिए। हाथ से खाने के कारण पानी के गिलास को प्लेट के लेफ्ट साइड में रखें।
बाउल-एक बड़ा बाउल जिसमें सब्जी होती है और छोटी कटोरियों में रायता डाला जाता है। इन्हें डिनर प्लेट के राइट साइड में रखा जाता है। भारतीय भोजन में केवल एक चम्मच, एक नाइफ और एक फोक का ही इस्तेमाल किया जाता है बजाय वेस्टर्न के। चाकू और चम्मच को प्लेट के राइट साइड में रखें और फोक को लेफ्ट पर। अगर सूप भी सर्व कर रही हैं, तो सूप बाउल को राइट साइड में रखें।
  वागीशा कॉन्टेंट प्रोवाइडर कंपनी

मंगलवार, 31 जनवरी 2012

सादगी में सुंदरता


नेहा दीवान 


 आपके घर में भी बेहद खूबसूरत तरीके से सादगी की झलक मिल सकती है। कम से कम साज-सज्जा करने से एक ओर जहां घर अस्तव्यस्त नजर नहीं आता, वहीं दूसरी ओर इसमें काफी जगह मिल जाती है। आप कुछ मूल बातों को ध्यान में रखकर अपना घर और सुंदर बना सकते हैं। यह समझना मुश्किल नहीं है कि बहुत से फायदों की वजह से न्यूनतम साज-सज्जा का चलन जोर पकड़ता जा रहा है। सबसे पहले यह आंखों को भाती है और घर को साफ सुथरा रखने में आसानी होती है। अगर आपके पास छोटी जगह है तो इस शैली को अपनाना आपके लिए अच्छा रहेगा क्योंकि इससे आपको अपने घर का अंदरुनी भाग काफी खुला मिलेगा। 
रविसांत होम/इंटीरियर्स की हेड डिजाइनर पदमिनी शर्मा का कहना है, ''न्यूनतम साज-सज्जा आपकी भावनाओं और जीवन में अनुशासन लाने के नजरिए को दर्शाती है। इसमें उपलब्ध स्थान का बेहतरीन डिजाइन बरकरार रखते हुए घर की कम से कम साज-सज्जा की जाती है। ऐसी साज-सज्जा के लिए उपयुक्त फर्नीचर और दीवारों पर मेटल फिनिश बेहतर रहती है।'' 
रविसांत ने इसके लिए अलग से अपना एक क्लेक्शन पेश किया है जिसमें आंखों को भाने वाले रंगों के पर्दे और कम जगह घेरने वाले फर्नीचर के साथ अन्य एसेस्री भी शामिल हैं। दिल्ली के लग्जरी इंटीरियर सॉल्यूशन ब्रांड ला सोरोगीका के पास भी न्यूनतम साज-सज्जा के लिए समाधान मौजूद हैं। तीन हजार रुपये स्क्वेयर फीट से शुरु होने वाली रेंज भूमध्य सागर के आसपास बसे तटीय देशों और सागर की ठंडी हवा की ताजगी से प्रेरित है। इसमें उपयुक्त डिजाइन के साथ ही शीशा, लकड़ी, स्टील जैसे मैटीरियल का बेहतरीन मिश्रण दिखता है। ला सोरोगीका की डायरेक्टर और सीईओ, अंजलि गोयल का मानना है कि न्यूनतम साज-सज्जा में फिनिश्ड प्रोडक्ट पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। 
यह जरूरी है कि आप अपने घर में भारी भरकम फर्नीचर का इस्तेमाल न करें। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि आपके घर का इंटीरियर फीका नजर आए। इसमें आप रंगों के बेहतर इस्तेमाल और थोड़ी सी साज-सज्जा के साथ खूबसूरती में चार चांद लगा सकते हैं। इंटीरियर सॉल्यूशन ब्रांड कासा पैराडॉक्स के पास न्यूनतम साज-सज्जा को बेहतरीन दिखाने के लिए कुछ आकर्षक विकल्प उपलब्ध हैं। 
ब्रांड की सॉरबेट लाइन प्लम, कीवी, मैंड्रिन और चेरी जैसी चटकीले रंगों में मौजूद है। एसेस्री में बर्मा की फनीर्चर शैली की झलक मिलती है और इसकी रेंज 25,000 रुपये से शुरु होती है। फर्नीचर सॉल्यूशन ब्रांड ऊषा लेक्सस ने बर्कली के नाम वाली कम ऊंचाई वाले बेड की रेंज बाजार में उतारी है जिसकी कीमत 20,000 रुपये से शुरु है। यह ओक, रोजवुड, टीक, वॉलनट और वेंज के पांच शेड विकल्पों में उपलब्ध है। इस बेड में सामान रखने के लिए जगह नहीं है जिस वजह से इनका वजन भी काफी हल्का है। 
घर की न्यूनतम साज-सज्जा आपके घर को सादगी के साथ ही आंखों को भाने वाले सुंदरता भी देती है। तो क्या आप भी तैयार हैं न्यूनतम साज-सज्जा के साथ अपने घर को सुंदर बनाने के लिए।

सोमवार, 30 जनवरी 2012

आभार



 मित्रों आपने मेरा ब्लाग वागीशा पढ़ा और इसे सराहा इसके लिए मैं आप सबको धन्यवाद देना चाहती हूं। एक माह में  2000 से ज्यादा लोगों का इसे पढऩा एक सुखद अनुभूति का अहसास करा रहा है।  मैं चाहती हूं कि आप अपनी  टिप्पणी  भी प्रेषित करें। माह में सर्वश्रेष्ठ टिप्पणी  को पुरस्कृत किया जाएगा। आप क्या पढऩा चाहते हैं इस पर भी अपनी राय दें। हम बहुत जल्दी ही वागीशा का विस्तार एक वेब मैग्जीन के रूप में करने जा रहे हैं। जहां आपको देने के लिए मेरे पास ज्यादा स्पेस रहेगा।
 सादर स्नेह- अनुजा

ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं

कालेज लाइफ के साथी है, बैकपैक- अनुजा भट्ट

  युवाओं के लिए बैकपैक उनकी पर्सनैलिटी और स्टाइल स्टेटमेंट से जुड़ गया है, फिर चाहे उनको कालेज जाना हो या आफिस, उनको एक ऐसे बैग की जरूरत होत...

पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।