verification

बुधवार, 11 नवंबर 2026

मेथी का लड्डू , सर्दियों में रखे चुस्त दुरुस्त



गजब का कॉम्बिनेशन है मेथी दाने में!

 यह आपकी सेहत, सौंदर्य और स्वाद—सबके लिए खास है। इसलिए भारत की धरती से निकलकर यह पूरी दुनिया में अलग-अलग तरह से समा गया है। दवा से लेकर सौंदर्य प्रसाधन तक और स्वाद की थाली में सब्जी, सूप व मिष्ठान—सबमें इसकी भूमिका अहम है।
सर्दियों की शुरुआत होते ही पहाड़ी इलाकों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं, जिसमें लड्डू बनाना भी एक जरूरी काम है। हर घर में मेथी भूनने की सोंधी खुशबू आने लगती है। सबसे पहला लड्डू भगवान को अर्पित किया जाता है, जिसे 'भोग लगाना' कहते हैं। और सच कहूं तो, इस भोग वाले लड्डू पर घर के हर बच्चे की नजर होती है!
कोहिनूर की कहानी तो मैंने इतिहास में पढ़ी है, पर हमारे मेथी दाने की बादशाहत आज भी कायम है। पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा मेथी हमारे देश में होती है। भारत में भी राजस्थान में यह सबसे ज्यादा उगाई जाती है, पर इसके लड्डू सबसे ज्यादा खाए जाते हैं पहाड़ी इलाकों में। क्या अद्भुत बात है! प्रकृति भी हमें भाईचारा सिखाती है।
मेथी का दाना मुझे हमेशा ईंट की एक नन्ही गिट्टी जैसा दिखता है, वहीं इसके 'पॉड' (फली) पर मेरी नजर कभी गई ही नहीं। लेकिन जब मैंने जर्मन भाषा में इसका नाम 'बोकशोर्नक्ली' (Bockshornklee) पढ़ा और उसका अर्थ जाना, तो लगा सचमुच कमाल है! इसका अर्थ 'बकरी के सींग जैसी घास' होता है, क्योंकि इसके बीजों की फलियां (पोड्स) घुमावदार होती हैं।

दुनिया भर में मेथी के विविध नाम

वैश्विक स्तर पर इसे अंग्रेजी में 'फेनुग्रीक' (Fenugreek) कहा जाता है, जिसकी उत्पत्ति लैटिन शब्द 'फोनेम-ग्रेकम' से हुई है और जिसका अर्थ 'ग्रीक घास' होता है। मध्य पूर्व और अरब देशों जैसे मिस्र, यमन व सऊदी अरब में इसे अरबी भाषा में 'हलबा' (Hulbah) पुकारते हैं, जहाँ यमन में इससे सूप के साथ खाई जाने वाली एक खास झागदार चटनी भी बनाई जाती है। यूरोप की बात करें तो फ्रांस में इसे 'फेनुग्रेक' (Fenugrec), स्पेन में 'फेनोग्रेको' (Fenogreco) और इटली में 'फिएनो ग्रीको' (Fieno Greco) कहते हैं। इसके अलावा एशिया के अन्य हिस्सों जैसे ईरान में यह 'शं बलीलेह' (Shanbalileh), तुर्किये में 'चेमेन ओतु' (Çemen otu), चीन में 'हू लू बा' (Hu Lu Ba) और इंडोनेशिया में 'केलाबेट' (Kelabet) के नाम से मशहूर है।

मेथी के लड्डू की रेसिपी

मेथी के लड्डू सर्दियों में खाए जाने वाले एक पारंपरिक और बेहद पौष्टिक व्यंजन हैं, जो शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं और जोड़ों के दर्द, कमजोरी तथा थकान को दूर करते हैं।

आवश्यक सामग्री:मेथी दाना पाउडर: 100 ग्राम (या आधा कप)
दूध: 1 से 1.5 कप (मेथी भिगोने के लिए)
गेहूं का आटा: 300 ग्राम
बेसन: 3-4 बड़े चम्मच
देसी घी: आवश्यकतानुसार (लगभग 250-300 ग्राम)
गुड़: 400 से 500 ग्राम (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
ड्राई फ्रूट्स: बादाम, काजू, मखाना, चिरौंजी, पिस्ता
गोंद: 50 ग्राम
अन्य मसाले: सौंठ पाउडर (सूखा अदरक), काली मिर्च, इलायची पाउडर और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल

बनाने की आसान विधि:मेथी को भिगोना (कड़वापन दूर करने के लिए): पिसे हुए मेथी पाउडर को एक बर्तन में लें। इसमें दूध (या गुनगुना घी) डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे ढककर 7 से 8 घंटे या रात भर के लिए रख दें, ताकि मेथी दूध को पूरी तरह सोख ले और नरम हो जाए। इसके बाद हाथों से मसल लें ताकि गांठें न रहें।
ड्राई फ्रूट्स और गोंद तलना: एक कढ़ाई में थोड़ा देसी घी गर्म करें। इसमें गोंद डालकर सुनहरा होने तक तल लें और बाहर निकाल लें। अब उसी घी में बादाम, काजू, मखाना और अन्य सूखे मेवे हल्का भूरा होने तक भूनकर निकाल लें और दरदरा पीस लें।
आटा और मेथी को भूनना: कढ़ाई में थोड़ा और घी डालकर गेहूं का आटा और बेसन मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक भूनें। अब इसमें भीगी हुई मेथी का मिश्रण डालकर 5 से 6 मिनट तक धीमी आंच पर सेकें, ताकि उसकी नमी पूरी तरह सूख जाए। इसके बाद कद्दूकस किया हुआ नारियल और भूने हुए मेवे मिला लें।
गुड़ पिघलाना और लड्डू बांधना: एक अलग कढ़ाई या पैन में गुड़ और थोड़ा सा घी डालकर धीमी आंच पर पिघला लें (चाशनी न बनाएं, सिर्फ गुड़ पिघलने दें)। इस पिघले हुए गुड़ और सौंठ-काली मिर्च के पाउडर को तैयार आटे व मेथी के मिश्रण में अच्छे से मिला लें। मिश्रण हल्का गर्म रहे, तभी हाथों में थोड़ा घी लगाकर मनचाहे आकार के लड्डू बांध लें।

आखिर पहाड़ी इलाकों में सर्दियों के दौरान मेथी के लड्डू क्यों बनाए जाते हैं?

जोड़ों के दर्द और ठंड से बचाव: मेथी की तासीर गर्म होती है। सर्दियों में अक्सर बुजुर्गों और बड़ों को जोड़ों के दर्द या अकड़न की शिकायत होती है। घी, गुड़, गोंद और सूखे मेवों के साथ बने मेथी के लड्डू शरीर को प्राकृतिक गर्माहट देते हैं और दर्द से राहत दिलाते हैं।रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity): मौसम बदलने पर होने वाले सर्दी-जुकाम और संक्रमण से बचाने में मेथी के एंटीऑक्सीडेंट गुण बहुत कारगर होते हैं।डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण: मेथी के दानों में घुलनशील फाइबर भरपूर होता है। यह न केवल ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद करता है, बल्कि शरीर से खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम कर दिल को भी स्वस्थ रखता है।
पाचन तंत्र का साथी: सर्दियों में भारी भोजन आसानी से पच जाए, इसके लिए मेथी से बेहतर कुछ नहीं। यह कब्ज और गैस जैसी समस्याओं से राहत देती है।
नई माताओं के लिए संजीवनी: नवजात बच्चे की मां—चाहे वह पहाड़ में रहती हो या मैदान में—प्रसव के बाद उन्हें ताकत देने और स्तनपान बढ़ाने के लिए मेथी के लड्डू खिलाने की परंपरा सदियों पुरानी है।
अगले अंक में पढ़िए मेथी से बनने वाली एक अनोखी विदेशी रेसिपी के बारे में।

कोई टिप्पणी नहीं:

ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं

मेथी का लड्डू , सर्दियों में रखे चुस्त दुरुस्त

गजब का कॉम्बिनेशन है मेथी दाने में!  यह आपकी सेहत, सौंदर्य और स्वाद—सबके लिए खास है। इसलिए भारत की धरती से निकलकर यह पूरी दुनिया में अलग-अलग...

पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।