आधुनिक लाइफस्टाइल ब्लॉग: फैशन, संस्कृति, कहानियों और संस्मरणों का अनूठा संगम।भागदौड़ भरी ज़िंदगी में हम अक्सर अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और उन छोटी-छोटी खुशियों को भूल जाते हैं जो जीवन देती हैं। लाइफस्टाइल का मतलब सिर्फ यह नहीं है कि हम क्या पहनते हैं या हम कहाँ घूमते हैं, बल्कि इसका गहरा संबंध हमारी सोच, हमारे साहित्य और हमारी विरासत से भी है। यदि आप भी एक ऐसे मंच की तलाश में हैं जहाँ आधुनिकता और परंपरा का एक खूबसूरत संतुलन देखने को मिले, तो यह आपके लिए है।
verification
शनिवार, 21 नवंबर 2026
लंदन फोर्ट-1956 का नैनीताल, 'मधुमती' की यादें और मेरे पापा
सत्रह-अठारह साल का एक किशोर अल्मोड़ा शहर से बस में बैठकर पहली बार नैनीताल आया था। जैसे ही वह बस से उतरा, उसने सामने एक बड़ी-सी झील देखी। वह कुछ क्षणों के लिए उसके सम्मोहन में बँधा रहा और वहीं खड़ा रहा। फिर अचानक उसे याद आया कि ददा ने कहा था—"जाते ही पोस्टकार्ड डाल देना।"
उसने पहले से लिखा हुआ पोस्टकार्ड निकाला और तल्लीताल के उस ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस की ओर बढ़ा। चिट्ठी डालकर वह थोड़ी देर यूं ही खड़ा रहा। पास में कुछ खास सामान तो था नहीं। उसे समझ नहीं आ रहा था कि अब आगे क्या और कैसे होगा। उसने अपनी जेब से एक कागज निकाला, जिस पर लिखा था— 'एलफिंस्टन कॉटेज, तल्लीताल, नैनीताल'। उसने उस कागज की बढ़िया-सी तह लगाई, बिल्कुल वैसे ही जैसे वह अपने रूमाल की लगाता था—कोने से कोना मिलाकर। और फिर उसे सहेजकर जेब में रख लिया।
बस स्टेशन के सामने लगी बेंच पर वह बैठ गया और आते-जाते यात्रियों को देखने लगा। मन ही मन सोचा—"जीवन एक यात्रा है और हम सभी मुसाफिर।"
उसे अपने पिता की याद आई। उन्होंने कहा था कि वे दिए गए पते पर मिलेंगे। वे उसके रिज़ल्ट से बहुत खुश थे, इसीलिए चाहते थे कि वह आगे पढ़े और प्रोफेसर या कोई बड़ा अधिकारी बने। वह मन ही मन न जाने क्या बुदबुदाया और एक छोटा-सा पत्थर झील में फेंकता हुआ आगे चल पड़ा।
तभी पीछे से किसी ने उसके कंधे पर हाथ रखा। वह चौंककर मुड़ा—सामने रमेश दा खड़े थे।
"आ गया? रास्ते में कोई दिक्कत तो नहीं हुई? चाचा ने भेजा था, वे दया दा के यहाँ आए हैं और तुझे वहीं बुलाया है।"
"अच्छा..."
"तेरा सामान कहाँ है?" रमेश दा ने पूछा।
"सामान तो कुछ खास था नहीं। बस किताबें और नोट्स थे, तो वे पड़ोस के एक साथी को दे आया। उसके काम आ जाएंगे, मेरा तो हो गया," उसने सहजता से जवाब दिया।
"बहुत खूब!" रमेश दा ने उसकी पीठ पर हल्की-सी थपकी देते हुए कहा।
दया दा का घर एकदम पास ही था। नीचे रिक्शा स्टैंड था, जहाँ लोगों की लाइन लगी थी। यूँ लाइन में खड़े होकर रिक्शा पकड़ना उसके लिए एक बिल्कुल नई बात थी।
घुँघराले-से बाल, सुंदर नासिका, स्मित मुस्कान और गौर वर्ण का यह किशोर, जिसकी बात मैं कर रही हूँ—वे मेरे पापा हैं। अमूमन पुरुषों के सौंदर्य के बारे में ज़्यादा नहीं लिखा जाता, पर मैं लिखूँगी... एक कविता!
पापा,
जन्म मिलें मुझे कितनी ही बार,
हर जन्म में मिलना मुझे बार-बार।
देना थपकी, कंधे पर बिठाकर फल तुड़वाना,
मेरी हर छोटी-बड़ी ज़िद को मान जाना।
हम फिर से जाएंगे देखने रामलीला,
खिलाओगे ना मुझे गोलगप्पे चुपके से?
मैं नहीं बताऊँगी पक्का आपकी सुरती वाली बात,
आप भी मत कहना मेरी शरारतें किसी से।
कहोगे तो 'चुगली-चुगली' कहूँगी मैं।
जब यात्रा करेंगे, तो ट्रेन में कुल्हड़ वाली चाय के कप फोड़कर
देखना चाहती हूँ आपके चेहरे पर
अपनी शरारतों की कोई नज़्म।
जाएंगे आप और मैं दूर घूमने—सिर्फ़ आप और मैं।
फिर से खरीद लेना एक साइकिल,
लेकिन शर्त यही—मैं बैठूँगी पीछे इस बार।
मैं अपनी शरारतों को बहती हवा के हवाले कर दूँगी इतनी दूर
कि मेरी चप्पल भी उड़ जाए,
और हम लौटें अपनी-अपनी यादों के साथ पीछे,
खोजने एक अदद चप्पल—
मेरी यात्रा की पहली साथिन और उसका बिछोह।
शीशे में जब अपनी परछाई देखती हूँ ना पापा,
तो मेरे नैन-नक्श में कहीं भी नहीं दिखते आप...
गुस्सा आता है मुझे, कहीं भी क्यों नहीं हूँ मैं आपके जैसी?
पर कोई नहीं... नातिन में तो है आपकी परछाई।
पर आप हैं मेरे भीतर समाए हुए—
स्कूल की कॉपी पर कवर चढ़ाने से लेकर स्लेट की लिखावट तक में।
परीक्षा खत्म होते ही स्कूल के बाहर साइकिल लेकर खड़े हुए,
प्रश्नपत्र के किनारे लिखे उत्तरों को टटोलते हुए—
और जब कोई गलत उत्तर निकल आता,
तब भी "चलो, जो हो गया सो हो गया" कहकर
यूँ ही मुस्कुरा कर जाने देते।
हाँ, दीदी के नैन-नक्श, चाल-ढाल, बोली और व्यवहार—सब में आप हैं।
वो एकदम आपका आइना हैं।
अब तो मानो आप उन्हीं में समा गए हैं।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं
लंदन फोर्ट- दया से सीखी साफगोई, निष्पक्षता और न्याय की वर्णमाला
दया दा (दयाकिशन पांडे) शहर के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे—जाने-माने वकील, समाजसेवी और एक कुशल राजनीतिज्ञ। उनके पिता जी का नाम था नित्यानंद पांड...
पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।
-
' अपराजिता' नाम ही क्यों अपराजिता संस्कृत का एक स्त्रीलिंग शब्द है, जो 'पराजिता' शब्द में 'अ' उपसर्ग लगाकर बना है। ...

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें