verification

शनिवार, 21 नवंबर 2026

लंदन फोर्ट- मधुमती जिसकी शूटिंग देखी पहली बार



1956 का नैनीताल, 'मधुमती' की यादें और मेरे पापा 
घुँघराले-से बाल, सुंदर नासिका, स्मित मुस्कान, गौर वर्ण और मधुर एवं शिष्ट संवाद... जब मैं किशोरावस्था में आई, तो मेरी सहेलियाँ पूछतीं—"तुम्हें कौन-सा हीरो पसंद है?" और मैं गर्व से कहती—"मेरे पापा!" जब वे अपने कमरों में सलमान खान, आमिर खान या सनी देओल के पोस्टर चिपका रही होतीं या उनके पोस्टरों के लिए लड़ रही होतीं, तब मैं मन ही मन सोचती—मेरे पापा, जब आप युवा रहे होंगे, तो लड़कियाँ भी आपके पीछे यूँ ही दीवानी रही होंगी...
पापा, यानी देवेंद्र, एलफिंस्टन कॉटेज की सीढ़ियाँ चढ़ रहे हैं। लकड़ी का बना खूबसूरत बंगला। सीढ़ियाँ खत्म होते ही एक सुंदर लाइब्रेरी और उसके बाहर सुसज्जित बालकनी, जिस पर खड़े होकर नैनी झील के दृश्य भीतर रोमांच भर देते हैं।
"यह दया दा का घर है। तुम बैठो, मैं चाचा को बुलाता हूँ," रमेश दा ने कहा।
रमेश दा के जाते ही एक युवक पानी लेकर आता है और कहता है, "आपको अंदर बुला रहे हैं।"
अंदर पिताजी हैं और साथ में दया दा। दया दा से वह पहली बार मिल रहा था। बड़ी-बड़ी मूँछें, बड़ी-बड़ी आँखें और ओजस्वी स्वर।
उनका पहला वाक्य—"ठीक है?"
"हूँ।"
दूसरा सवाल—"कुछ खाया-पिया?"
"नहीं।"
तीसरा सवाल—"क्यों?"
"भूख नहीं थी।"
"अच्छा... पहले खाना खा ले, फिर बात करते हैं। यह घर है, यहाँ संकोच नहीं। जो पसंद आए, वह खाना।"
"इसे भीतर ले जाओ," उन्होंने आवाज़ दी।
फिर सीढ़ियाँ—सीढ़ियों के किनारे सुंदर-सी रोशनी और सीढ़ियाँ खत्म होते ही छतरियाँ रखने के लिए एक लैंपपोस्ट-सी सुंदर कलाकृति। उसके ठीक सामने जूते का रैक। उसने जूते उतारे। हाथ-पाँव धोने के लिए नवयुवक ने उसे बाथरूम का रास्ता बताया।
तभी एक सुंदर स्त्री, जिन्होंने सीधे पल्ले की साड़ी पहनी थी, मुस्कुराते हुए बोलीं, "देवेंद्र लला... मैं आपकी बोजू। मामा ने बताया था तुम्हारे बारे में। पहले खाना खा लो, फिर बात करेंगे।" बोजू ने अपने हाथ से खाना परोसा।
तब तक बैठक में पिताजी और दया दा आ गए थे, अपनी बातचीत में मग्न। दिल्ली की आम आदमी की राजनीतिक गपशप का वे आनंद लेकर सुन रहे थे। तभी नज़र देवेंद्र पर पड़ी।
"नंबर तो बहुत अच्छे लाया है। अब यहीं से बी.एससी. कर। पढ़ाई अच्छी है यहाँ। बहुत-से प्रोफेसरों को जानता हूँ। अच्छा कर लेगा तो मामा भी चिंतामुक्त हो जाएंगे। अच्छा ही करेगा, निश्चिंत रह। हाँ, बस एक बात याद रखना—यहाँ आना-जाना बहुत लोगों का है, इसलिए बस अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना।"
"तुझे मामा से कुछ कहना है?"
"मामा कह रहे हैं, नाराज़ हैं..."
"यार, ये सब चलता रहता है, जीवन है।" पिताजी ने उनकी तरफ देखा और उन्होंने पिताजी की तरफ।
दूसरे दिन पिताजी दिल्ली चले गए और देवेंद्र की कॉलेज की यात्रा आरंभ हुई—डी.एस.बी. कॉलेज, नैनीताल (आगरा विश्वविद्यालय)। कॉलेज को बने ज़्यादा समय नहीं हुआ था। सन् 1951 में ठाकुर दान सिंह बिष्ट द्वारा अपने पिता देव सिंह बिष्ट की स्मृति में इस महाविद्यालय की स्थापना की गई थी।
पापा के लिए नैनीताल एक नया अनुभव था। 1956 के उस दौर का नैनीताल बेहद शांत, सुंदर और अपनी अनूठी परंपराओं में रचा-बसा था। कॉलेज के बाद शाम को मॉल रोड की चहल-पहल के बीच 'कैपिटल सिनेमा' जाकर फिल्म देखना उनकी एक नई आदत में शामिल हो गया था। उस समय मल्लीताल के फ्लैट्स मैदान के पास स्थित कैपिटल सिनेमा अंग्रेजी और चुनिंदा फिल्मों के लिए मशहूर था, जहाँ शो शुरू होने से पहले ही सिनेमा प्रेमियों की रौनक लग जाती थी। अखबार के जरिए नई फिल्म की जानकारी मिल रही थी तो किताबों और पत्रिकाओं से विस्तृत समीक्षा।
फिल्म देखकर लौटते समय या शाम की सैर के दौरान तल्लीताल बाजार की 'लोटे वाली जलेबी' का स्वाद लेना उस दौर के जीवन का एक खास हिस्सा था। तल्लीताल बाजार में जोशी जी की दुकान पर पारंपरिक लोटे से तली जाने वाली वह गरमागरम, मोटी और कुरकुरी जलेबी और साथ में ताजा दही—पहाड़ की सर्द शामों में यह किसी दावत से कम नहीं होता था।
एलफिंस्टन कॉटेज से उनका कॉलेज सामने ही दिखाई देता था—ठंडी सड़क के एकदम ऊपर। फिल्मों के शौकीन देवेंद्र को शूटिंग देखने में भी बड़ा आनंद आता था। सामने से अभिनय होते देखना उनके लिए वैसा ही था, जैसे क्रिकेट प्रेमियों के लिए मैदान में सचिन तेंदुलकर को शतक लगाते देखना। देवेंद्र को खेलों में रुचि नहीं थी, वे तो बस फिल्म देखने के शौकीन थे।
पापा ने एक बार बताया था कि उनके कॉलेज के दिनों में 'मधुमती' फिल्म की शूटिंग नैनीताल में हुई थी, जिसमें दिलीप कुमार, वैजयंतीमाला, प्राण और जॉनी वॉकर थे। शूटिंग के दौरान हुए दृश्यों को देखकर वे सोचते थे कि फिल्म आने पर वे भी खुद को पर्दे पर देखेंगे। इसलिए जब फिल्म रिलीज़ हुई तो उन्होंने बड़े उत्साह से देखी, पर यह क्या—फिल्म में तो वे दृश्य ही अलग थे! बाद में अखबार में पढ़ा कि नैनीताल की घनी धुंध के कारण फिल्म की रील खराब हो गई थी और बंबई (मुंबई) में दोबारा सेट लगाकर उसे फिल्माया गया। यह जानकर उनका बड़ा मूड खराब हुआ। इसी फिल्म के मशहूर गीत 'चढ़ गयो पापी बिछुआ' में पहाड़ी धुन है, जिसे मोहन उप्रेती ने तैयार किया था। मोहन उप्रेती मेरे ताऊ जी के अच्छे दोस्त थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं

लंदन फोर्ट- दया से सीखी साफगोई, निष्पक्षता और न्याय की वर्णमाला

दया दा (दयाकिशन पांडे) शहर के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे—जाने-माने वकील, समाजसेवी और एक कुशल राजनीतिज्ञ। उनके पिता जी का नाम था नित्यानंद पांड...

पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।