शनिवार, 28 नवंबर 2026

टेक्नोलॉजी से कर लो दोस्ती, राज करोगी।


हम कुछ नया करने की शुरुआत करते हैं, तो सबसे पहले सवाल उठाने वाले हमारे आस-पास के लोग होते हैं। "ये क्या कर रही हो?", "इससे क्या होगा?", "लोग क्या कहेंगे?"—सच कहें तो यहीं से ट्रोलिंग शुरु हो जाती है।

खासतौर पर फेसबुक या सोशल मीडिया पर जो महिलाएं रील बनाती हैं, उनके लिए यह सफ़र बिल्कुल आसान नहीं होता। सीमित संसाधनों में वीडियो बनाना जहाँ उनसे काफ़ी समय और ऊर्जा की मांग करता है, वहीं दूसरी तरफ़ बाज़ार में प्रतियोगिता भी बहुत ज़्यादा है। आज कंटेंट और टेक्नोलॉजी के बीच भी एक होड़ लगी है। कई बार कंटेंट उतना अच्छा नहीं होता, लेकिन टेक्नोलॉजी और एल्गोरिदम के इस्तेमाल से उसकी रीच ज़्यादा हो जाती है। कहना नहीं चाहिए, पर आज 'सस्ता कंटेंट' ज़्यादा देखा जाता है और हर तरफ़ एक भेड़चाल चल रही है, जिसकी वजह से एक जैसी ही रील्स बन रही हैं। लेकिन यह भी सच है कि जो कंटेंट वाकई अच्छा है, उसे देखने वाले नियमित दर्शक होते हैं—वे आपके नए क्रिएशन का इंतज़ार करते हैं। मुझे उम्मीद है कि समय के साथ अच्छे कंटेंट की मांग बढ़ेगी।
एक महिला क्रिएटर के लिए रील बनाना कई बार जोखिम भरा भी हो जाता है। एक तरफ़ घर से हौसला मिलने के बजाय संदेह मिलता है, तो दूसरी तरफ़ बाहर बहुत से लोग मैसेंजर में आकर गंदे-गंदे कमेंट्स करते हैं । महिलाओं का सम्मान नहीं करते। अगर कोई महिला रात के समय काम कर रही है या ऑनलाइन है, तो कई लोग अपनी घटिया मानसिकता के चलते उसे 'उपलब्ध' समझ बैठते हैं और भद्दी बातें व गालियाँ लिखते हैं।
लेकिन अगर इस व्यवहार के पीछे के मनोविज्ञान को समझ लिया जाए, तो आधी परेशानी वहीं खत्म हो जाती है। घर के लोगों का विरोध अक्सर उनके डर या पुरानी सोच से निकलता है, जबकि इंटरनेट पर सेक्स से जुड़ी भद्दी गालियाँ लिखने वालों की मानसिकता बिल्कुल अलग होती है। मनोविज्ञान कहता है कि समाज में सेक्स और परिवार का सम्मान सबसे संवेदनशील माना जाता है। ट्रोल करने वाला जानता है कि ऐसे शब्दों से सामने वाले को सबसे गहरा मानसिक झटका लगेगा। असल में, जो लोग अंदर से खुद को कमज़ोर, कुंठित या असुरक्षित महसूस करते हैं, वे स्क्रीन के पीछे छिपकर ऐसी भद्दी भाषा का सहारा लेते हैं—ताकि वे खुद को ताकतवर दिखा सकें और महिला को नीचा या लाचार महसूस करा सकें। यह उनकी अपनी भड़ास और खालीपन का नतीजा होता है, न कि आपकी असलियत का।
इसलिए मैं सभी महिला क्रिएटर्स से यही कहना चाहती हूँ—आपकी रीच धीरे बढ़े, कोई बात नहीं, लेकिन आपकी कोशिश हमेशा 'जेनुइन' (सच्चे) लोगों तक पहुँचने की होनी चाहिए। फॉलोअर्स की अंधी चाह में कभी अपनी गरिमा या कंटेंट की गुणवत्ता से समझौता न करें। याद रखें, जहाँ कुछ अनजान लोग भद्दे कमेंट्स से हमें तोड़ने की कोशिश करते हैं, वहीं दूसरी तरफ़ हज़ारों अनजान फॉलोअर्स ऐसे भी होते हैं जो बिना किसी जान-पहचान के हमारा परिवार बन जाते हैं और हर कदम पर हौसला बढ़ाते हैं।
चाहे ताने घर से मिलें या गालियाँ कमेंट सेक्शन और मैसेंजर से—हर किसी को सफाई देने में अपनी ऊर्जा बर्बाद न करें। सोशल मीडिया पर 'ब्लॉक', 'रिस्ट्रिक्ट' और 'कमेंट फ़िल्टर' जैसे टूल्स का खुलकर इस्तेमाल करें। टेक्नोलॉजी के साथ दोस्ती करें। यह बिलकुल भी कठिन नहीं। आजकल तो गोदी का बच्चा भी मोबाइल चला लेता है। आप तो घर चलाती हैं, परिवार चलाती हैं, समाज चलाती हैं, देश चलाती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं

टेक्नोलॉजी से कर लो दोस्ती, राज करोगी।

हम कुछ नया करने की शुरुआत करते हैं, तो सबसे पहले सवाल उठाने वाले हमारे आस-पास के लोग होते हैं। "ये क्या कर रही हो?", "इससे क्...

पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।