आधुनिक लाइफस्टाइल ब्लॉग: फैशन, संस्कृति, कहानियों और संस्मरणों का अनूठा संगम।भागदौड़ भरी ज़िंदगी में हम अक्सर अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और उन छोटी-छोटी खुशियों को भूल जाते हैं जो जीवन देती हैं। लाइफस्टाइल का मतलब सिर्फ यह नहीं है कि हम क्या पहनते हैं या हम कहाँ घूमते हैं, बल्कि इसका गहरा संबंध हमारी सोच, हमारे साहित्य और हमारी विरासत से भी है। यदि आप भी एक ऐसे मंच की तलाश में हैं जहाँ आधुनिकता और परंपरा का एक खूबसूरत संतुलन देखने को मिले, तो यह आपके लिए है।
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
फिल्म देखकर तय करेंगे, शादी होगी तो ऐसे ही
समाज में कई तरह के बदलाव आए हैं, जो काफी सकारात्मक भी हैं। शादियाँ अब 'ग्लोबल' होती जा रही हैं—देश, जाति और धर्म की सीमाओं से परे जाकर इंसानी रिश्तों और जज़्बातों को महत्व देती हुई। ऐसा नहीं है कि प्रेम विवाह केवल इसी सदी में हो रहे हैं; जब से यह दुनिया बनी है, तभी से प्रेम कहानियाँ रची गईं और कई रिश्ते बने भी।
सकारात्मक पहलू यह है कि अब लोग एक-दूसरे के रिश्तों और परंपराओं को दिल से स्वीकार कर रहे हैं। अपनी तरह से जीने और अपनी परंपरा निभाने में आज के लड़के-लड़कियाँ स्वतंत्र हैं। खासकर लड़कियों ने यह आज़ादी हासिल की है। सास अपनी बहू से उसके पारंपरिक व्यंजन बनाना सीख रही है। सोशल मीडिया और फेसबुक पर इस समय ऐसी कई रील दिखाई दे रही हैं, जहाँ सास अपनी बहू से नई चीजें सीख रही है और उसके पारंपरिक उत्सव मनाने की तैयारी कर रही है।
आज ही मैंने एक रील देखी, जिसमें बहू बंगाली है और लड़का उत्तराखंड का। उत्तराखंड में बड़ी नथ पहनने का चलन है। रील में सास अपनी बहू की परेशानी को समझती है। घर के आंगन की पूजा समाप्त होते ही वह कहती है, "नथ निकाल दो, मुझे पता है तुम्हें बहुत दर्द हो रहा है, देखो तुम्हारी नाक लाल हो गई है।" उत्तराखंड की एक परंपरा यह भी है कि बहू सभी बड़ों के पांव छूती है और उन्हें शगुन देती है। सास को लगता है कि पता नहीं नई बहू इस रस्म को कैसे लेगी। वह तुरंत आगे बढ़ती है और जैसे-जैसे बहू पांव छूती है, सास खुद सभी को शगुन के लिफाफे देती जाती है। बहू की गरिमा उसे अपनी गरिमा लगती है। वह किसी के उपहास का हिस्सा नहीं बनती, और न ही यह कहती है कि "इसके घर वालों ने शगुन नहीं दिया है" या "इनके यहाँ ऐसा नहीं होता।"
जब मैंने पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा था, तो शुरुआती दौर में एक लेख लिखा था, जिसका शीर्षक था— 'जब त्योहारों पर बनेंगे सीरियल'।
एक समय था जब परंपराओं के खत्म होने, आधुनिकता के नाम पर उनका उपहास उड़ाने और 'पिछड़ेपन' का टैग दिए जाने के कारण बहुत से लोगों ने अपनी बोली-बानी तक छोड़ दी थी। अपनी लोकभाषा बोलने में उन्हें डर या झिझक लगने लगी थी। लेकिन अब वही अपनी भाषा—चाहे वह भोजपुरी हो, मैथिली हो, कुमाऊँनी हो या गढ़वाली—अपनी जड़ों की ओर लौट रही है। यह सकारात्मक प्रभाव भी 'रील' का है, जिसने लोगों को 'रियल' (वास्तविकता) का एहसास कराया है। विदेशों में बसे युवा भी अब अपनी माटी, अपनी भाषा और अपने स्वाद पर रील बना रहे हैं, उसे सेलिब्रेट कर रहे हैं और प्रमोट कर रहे हैं। आज का युवा बदल रहा है; वह अपनी भाषा सीखना चाहता है। विदेशों में रह रहे लोग कुमाऊँनी, भोजपुरी और मैथिली सीख रहे हैं। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं और भाषा सीखने के लिए बाकायदा रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं।
अब बाज़ार और सिनेमा मिलकर शादियों के ट्रेंड तय कर रहे हैं। मसलन, दुल्हन और दूल्हा तो सदियों से सजते आए हैं, लेकिन अब दुल्हन को 'करीना कपूर' जैसा ब्राइडल लुक चाहिए। ब्यूटी पार्लरों में भी अभिनेत्रियों की शादी वाले मेकअप के नाम पर पैकेज तैयार हैं। दूल्हे भी अब किसी हीरो की तरह सजना-सँवरना चाहते हैं और उनके लिए भी खास पार्लर खुल गए हैं। शादी की तैयारियाँ यूँ तो पहले भी होती थीं और मेहमान एक महीने पहले ही आ जाते थे। हल्दी से साथ न्योता देने की परंपरा थी, लेकिन अब इस परंपरा पर बाज़ार ने अपनी मुहर लगा दी है। अब न्योते के लिफाफों का वज़न बढ़ने लगा है। शादी के दिनों की संख्या भी बढ़ी है—दो दिन की जगह अब शादी एक सप्ताह का उत्सव बन गई है।
अब 'वेडिंग प्लानर' रखने पर ज़ोर है, जिसका विचार फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से सबके दिमाग में आया। 'मेहंदी लगा के रखना' और 'तुझे देखा तो ये जाना सनम' जैसे गाने हर शादी के वीडियो में डाले जाने लगे और हर रस्म में समा गए। इस चकाचौंध में लोकधुनें कहीं गायब-सी हो गई थीं। हालांकि, रील ने फिर से लोकधुनों को सबके सामने ला खड़ा किया है। आज लोग अपनी परंपरा और लोकधुनों को खूब पसंद कर रहे हैं। यह परंपरा का ही विस्तार है। अब यह ज़रूरी नहीं कि आप जिस परिवेश से हैं, शादी भी ठीक उसी परंपरा से करें। आप दक्षिण भारतीय होते हुए भी कुमाऊँनी अंदाज़ में शादी कर सकते हैं, और उत्तर भारत के लोगों को भी साउथ इंडियन शादी का पैटर्न खूब भा रहा है।
'डेस्टिनेशन वेडिंग' का क्रेज़ भी फिल्मों की ही देन है, जो अब बेहद पॉपुलर हो चुका है।
आपको फिल्म 'हम आपके हैं कौन' याद होगी। उस दौर में अगर किसी ने यह फिल्म नहीं देखी होती थी, तो उस पर एक तरह का 'सोशल प्रेशर' (सामाजिक दबाव) बन जाता था। क्या आपने भी कभी इस प्रेशर के चलते यह फिल्म देखी?
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं
फिल्म देखकर तय करेंगे, शादी होगी तो ऐसे ही
समाज में कई तरह के बदलाव आए हैं, जो काफी सकारात्मक भी हैं। शादियाँ अब 'ग्लोबल' होती जा रही हैं—देश, जाति और धर्म की सीमाओं से परे जा...
पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।
-
' अपराजिता' नाम ही क्यों अपराजिता संस्कृत का एक स्त्रीलिंग शब्द है, जो 'पराजिता' शब्द में 'अ' उपसर्ग लगाकर बना है। ...

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें