verification

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

मां

अनुजा भट्ट की कविताएं 
 कविता
मां,
मां होती है
इससे ज्यादा या इससे कम—
कुछ नहीं, कुछ भी नहीं।
मां एक संबंध नहीं,
मां सिर्फ एक संबोधन है।
संबंधों के दायरे में सिकुड़ती है
मां और संतान की डोर;
कभी उलझती है, कभी सुलझती है,
ऐसे कहूं, तो कोई हैरानी नहीं।
यह संबंध एक चक्रव्यूह है,
जो पृथ्वी की तरह ही संघर्षरत है।
और पृथ्वी की एक हल्की सी हलचल भी
थर्रा देती है समूची सृष्टि को।
मगर संबोधन में 'मां'—
ताजा हवा का एक झोंका है।
वह यार है, डियर है,
आपका नाम लेने में भी बेझिझक है।
बदलती दुनिया के साथ
मां के पर्यायवाची भी बदल गए।
प्रदूषण की मार झेलती इस जमीं पर
वही एकमात्र प्राणवायु है;
हो सके तो बचा लो उसे,
बचा लो मां को, अगर बचानी है दुनिया।
तुम्हारे इस नए संबोधन में बोध है,
कौन कहता है कि निर्बोध हो तुम?
आओ, तुम्हारी इस अनमोल रोशनी में
थोड़ा मैं भी चमक लूं, थोड़ा संवर लूं।
तुम्हारी यह लौ, हर क्षण रफ्तार बदलती है,
जैसे मेरी जिंदगी का कोई लेखा-जोखा हो।
तुमने मेरी सांसों की बैलेंस शीट को
जगह-जगह लाल गोलों में बदल दिया है;
मैं जानती हूं...
बहुत कुछ खोया है मैंने, बहुत कम पाया है।
तुम्हारी यह लौ—
कभी धीमी, कभी मध्यम,
तो कभी एकदम बुझती सी प्रतिभासित होती है,
और अचानक...
एक तेज दीप्ति में बदलकर
असंभव को भी संभव बना देती है!
मां, सिर्फ मां होती है
इससे ज्यादा या इससे कम— कुछ नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

ऐसे लेख जो हमारी जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, विचार को समृद्ध करते हैं,जीवन के इंद्रधनुषी रंग हैं

ऑर्गनाइजर से कीजिए, किताबें भी ऑर्गनाइज

जन्म लेने के बाद हमारी पहली गुरु माँ होती हैं। उसके बाद हम कई तरह से सीखते हैं। स्कूल जाने पर किताबों से हमारा परिचय होता है। फिर हम गुरु और...

पोस्ट हमारी ,पसंद आपकी- मैं अपने पाठकों का दिल से सम्मान करती हूं ।